Skip to main content

The Scoopp

 

30 स्टार्स से सजी ‘वेलकम टू जंगल’ का धमाकेदार टीजर आउट, डेढ़ मिनट की झलक ने बढ़ाई फैंस की बेसब्री

अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू जंगल’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म का नया टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। करीब 1 मिनट 30 सेकंड के इस वीडियो में कॉमेडी, एडवेंचर और मस्ती का फुल डोज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी टीजर तेजी से वायरल हो रहा है।

टीजर में दिखाया गया है कि अक्षय कुमार समेत कई किरदार एक रहस्यमयी जंगल में पहुंचते हैं, जहां उनके सामने अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं। सभी किसी खास मिशन या खजाने की तलाश में नजर आते हैं, जिसके पीछे बड़ा इनाम जुड़ा हुआ है। जंगल के बीच होने वाली गड़बड़ियां और मजेदार हालात फिल्म को पूरी तरह एंटरटेनिंग बना रहे हैं।

बताया जा रहा है कि फिल्म का पहला गाना 18 मई को रिलीज किया जाएगा। म्यूजिक को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं, क्योंकि मेकर्स ने इसमें शानदार एंटरटेनमेंट का वादा किया है। वहीं फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिलीज डेट सामने आने के बाद से फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

कुछ समय पहले अक्षय कुमार का फिल्म से नया पोस्टर भी सामने आया था, जिसमें उनका स्टाइलिश और दमदार अवतार देखने को मिला। उन्होंने यह पोस्टर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा था, “Next… #WelcomeToTheJungle”. पोस्टर सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्शन दिए।

फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने भी साफ किया है कि ‘वेलकम टू जंगल’ को बिल्कुल नए अंदाज में तैयार किया गया है। उनके मुताबिक यह फिल्म पुरानी ‘वेलकम’ सीरीज से अलग होगी और इसमें दर्शकों को नया एक्सपीरियंस देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि फिल्म में 30 से ज्यादा कलाकार एक साथ नजर आने वाले हैं, जिससे इसका स्केल और भी बड़ा हो गया है।