Skip to main content

The Scoopp

 

IPL 2026: धर्मशाला में RCB-PBKS की टक्कर, 15 साल पुराना रिकॉर्ड बदलना चाहेगा पंजाब

IPL 2026 में रविवार को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब Kings आमने-सामने होंगी। मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। पिछले सीजन की फाइनलिस्ट रही बेंगलुरु शानदार फॉर्म में है, जबकि पंजाब लगातार हारों के बाद वापसी की तलाश में उतरेगा।

धर्मशाला का मैदान पंजाब के लिए पिछले कई सालों से RCB के खिलाफ अच्छा साबित नहीं हुआ है। टीम ने यहां बेंगलुरु को आखिरी बार 2011 में हराया था। इसके बाद से हर बार RCB ने बाजी मारी है। पिछले सीजन में भी पंजाब को 60 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी।

हालांकि हेड-टु-हेड आंकड़े बेहद करीबी हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें बेंगलुरु ने 19 और पंजाब ने 18 मैच जीते हैं। ऐसे में पंजाब के पास इस बार हिसाब बराबर करने का मौका रहेगा।

RCB की सबसे बड़ी ताकत इस समय उसकी बल्लेबाजी नजर आ रही है। विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और 12 मैचों में 484 रन बना चुके हैं। पिछले मैच में उन्होंने कोलकाता के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और क्रुणाल पंड्या भी लगातार योगदान दे रहे हैं।

गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल बने हुए हैं। भुवनेश्वर इस सीजन 22 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

दूसरी ओर पंजाब की बल्लेबाजी ने कई मौकों पर दम दिखाया है। प्रभसिमरन सिंह टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 12 मैचों में 439 रन बनाए हैं और 5 अर्धशतक जड़े हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर भी लगातार रन बना रहे हैं।

लेकिन पंजाब की सबसे बड़ी चिंता डेथ ओवरों की गेंदबाजी रही है। धर्मशाला में टीम 200 से ज्यादा स्कोर बनाने के बावजूद मुकाबले नहीं बचा सकी। IPL इतिहास में 200+ स्कोर बनाने के बाद सबसे ज्यादा हारने का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम दर्ज है।

HPCA स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। यहां इस सीजन खेले गए दोनों मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन बने हैं। टॉस जीतने वाली टीमों ने पहले गेंदबाजी कर लक्ष्य हासिल किया। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।

संभावित प्लेइंग-11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, वेंकटेश अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी।

पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, विजयकुमार वैशाख, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।