The Scoopp

 

IPL 2026: दिल्ली और राजस्थान के बीच आज अहम भिड़ंत, हारने वाली टीम पर बढ़ेगा दबाव

IPL 2026 में रविवार शाम का मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, जहां Delhi Capitals और Rajasthan Royals आमने-सामने उतरेंगी। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की रेस अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है।

दिल्ली की टीम फिलहाल 12 मैचों में 10 अंक लेकर अंक तालिका में सातवें नंबर पर है, जबकि राजस्थान 11 मुकाबलों में 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए जीत बेहद जरूरी हो गई है।

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में कांटे की टक्कर

दिल्ली और राजस्थान के बीच अब तक IPL में कुल 31 मैच खेले जा चुके हैं। दोनों टीमों ने 15-15 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि एक मैच टाई रहा था, जिसे राजस्थान ने सुपर ओवर में जीता था। इस सीजन की पहली भिड़ंत जयपुर में हुई थी, जहां दिल्ली ने जीत दर्ज की थी।

स्टार्क और वैभव की भिड़ंत पर रहेंगी नजरें

आज के मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi और तेज गेंदबाज Mitchell Starc की टक्कर को लेकर है। वैभव इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं और 11 मैचों में 440 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 236 से ज्यादा का रहा है और उन्होंने 40 छक्के लगाए हैं। दूसरी तरफ स्टार्क अपने अनुभव और शुरुआती स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। अगर पिच से उन्हें मदद मिली तो राजस्थान के बल्लेबाजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली की स्पिन गेंदबाजी चिंता का कारण

दिल्ली की सबसे बड़ी परेशानी उनकी स्पिन डिपार्टमेंट रही है। कप्तान Axar Patel और Kuldeep Yadav इस सीजन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। तेज गेंदबाजी में भी Lungi Ngidi को छोड़ बाकी गेंदबाज लगातार महंगे साबित हुए हैं।हालांकि बल्लेबाजी में KL Rahul शानदार लय में हैं। राहुल 12 मैचों में 477 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज बने हुए हैं।

राजस्थान को कप्तान रियान से बड़ी उम्मीद

राजस्थान की बल्लेबाजी इस बार काफी मजबूत दिखाई दी है। Yashasvi Jaiswal, वैभव सूर्यवंशी और Dhruv Jurel लगातार तेजी से रन बना रहे हैं। हालांकि कप्तान Riyan Parag अब तक बड़ी पारियां खेलने में संघर्ष करते नजर आए हैं। गेंदबाजी में Jofra Archer राजस्थान के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज रहे हैं और उन्होंने इस सीजन 15 विकेट लिए हैं।

बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है दिल्ली की पिच

अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जानी जाती है। छोटी बाउंड्री और सपाट विकेट बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देती है। यहां अब तक IPL के 103 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें चेज करने वाली टीमों को थोड़ा ज्यादा फायदा मिला है।

मौसम रहेगा गर्म, बारिश की संभावना नहीं

दिल्ली में मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी और उमस खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है। शाम तक तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

संभावित प्लेइंग-12

दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, माधव तिवारी, मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, आशुतोष शर्मा।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा, तुषार देशपांडे, यश पुंजा।