The Scoopp

 

भारत ने अफगानिस्तान पर कसा शिकंजा, पहली पारी में 564/8 घोषित; सुथार की घातक गेंदबाजी से मेहमान टीम दबाव में

भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली है। दूसरी दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने पहली पारी में 5 विकेट खोकर 113 रन बनाए हैं। रहमत शाह 43 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि भारत को पहली पारी के आधार पर 451 रन की बड़ी बढ़त हासिल है।

भारतीय गेंदबाजी में पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार सबसे सफल रहे। उन्होंने अब तक तीन बल्लेबाजों को आउट किया है। सुथार ने रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक और अफसर जजई को पवेलियन भेजा, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी और सेदीकुल्लाह अटल के विकेट अपने नाम किए।

मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत यादगार अंदाज में की। उन्होंने डेब्यू मैच के पहले ही ओवर में विकेट लेकर एक खास उपलब्धि हासिल की। वह ऐसा करने वाले भारत के आठवें गेंदबाज बने हैं। इससे पहले साल 2001 में टीनू योहानन ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट ओवर में विकेट लिया था।

इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 564 रन पर 8 विकेट खोकर घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 126 रन बनाए और टीम की पारी को मजबूती दी। ओपनर केएल राहुल ने भी शतक जमाते हुए 100 रन का योगदान दिया। ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 81-81 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे।

निचले क्रम में मोहम्मद सिराज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 12 गेंदों में 22 रन बनाए। डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 28, यशस्वी जायसवाल ने 24 और ध्रुव जुरेल ने 19 रन जोड़े। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी ने छह विकेट लेकर सबसे ज्यादा सफलता हासिल की। जियाउर रहमान और हश्मतुल्लाह शाहिदी को एक-एक विकेट मिला।

दूसरे दिन भारत ने 368/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था। कप्तान गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर मैदान पर उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 169 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और अफगान गेंदबाजों को लंबे समय तक सफलता से दूर रखा। गिल ने अपनी पारी में 23 और रन जोड़कर 126 का स्कोर बनाया, जबकि पंत ने 81 रन की पारी खेली।

न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक स्थानीय स्टार शुभमन गिल का खेल देखने पहुंचे थे। हालांकि उनके 126 रन पर आउट होने के बाद स्टैंड्स में मौजूद प्रशंसकों के बीच थोड़ी निराशा दिखाई दी।

भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमत शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी।