The Scoopp

 

पीएम मोदी ओडिशा दौरे पर, पहाड़पुर में राष्ट्रपति मुर्मू के साथ कार्यक्रम में होंगे शामिल; ₹47,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

ओडिशा शनिवार को एक बड़े राजनीतिक और विकासात्मक कार्यक्रम का गवाह बना, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर मयूरभंज जिले के पहाड़पुर पहुंचे। पीएम का हेलिकॉप्टर पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से उड़ान भरकर सीधे पहाड़पुर हेलीपैड पर उतरा, जहां राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री माझी के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल वाले गांव पहाड़पुर पहुंचे। यहीं पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों एक साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले हैं। खास बात यह है कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन भी है, जिससे इस दौरे का महत्व और बढ़ गया है।

राज्य में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर दोपहर करीब 1 बजे एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू दोनों शामिल होंगे। इस दौरान ऊर्जा, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन और औद्योगिक ढांचे से जुड़े कुल ₹47,600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

इस दौरे से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को ही मयूरभंज पहुंच चुकी थीं। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते उन्हें कलाईकुंडा एयरफोर्स स्टेशन से सड़क मार्ग से रायरंगपुर जाना पड़ा।

रायरंगपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में आयोजित एक मेडिकल कैंप का उद्घाटन किया, साथ ही AIIMS भुवनेश्वर से जुड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने कुसुमी ब्लॉक में जल आपूर्ति परियोजना और ब्रह्माकुमारी संस्थान के मातृशक्ति भवन का भी लोकार्पण किया।

प्रधानमंत्री द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी और उद्घाटन किया जाएगा, उनमें कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा प्रोजेक्ट शामिल हैं। इनमें 600 मेगावाट का अपर इंद्रावती पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट और IB थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार की योजना प्रमुख है, जिसमें 660 मेगावाट की दो नई यूनिटें जोड़ी जाएंगी।

इसके अलावा झारसुगुड़ा के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। भुवनेश्वर में 300 टन क्षमता वाला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और कटक-भुवनेश्वर को जोड़ने वाला काठाजोड़ी नदी ब्रिज भी इस सूची में शामिल हैं। सड़क और परिवहन क्षेत्र में भी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं। बौध में ढालपुर-हरभंगा सड़क का चौड़ीकरण, NH-353 के नुआपाड़ा-घाटीपाड़ा सेक्शन को फोरलेन में बदलना और विभिन्न जिलों में 24 अटल बस स्टैंड तथा 9 ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

रेलवे क्षेत्र में भी बड़ी सौगात दी जाएगी। 732 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं देश को समर्पित की जाएंगी, जबकि हिंडोल रोड-मेरामांडली 27 किलोमीटर लंबे रेल खंड का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिसे 409 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं में बौध में 300 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन, नयागढ़ टाउन बाईपास, स्मार्ट सिंचाई योजना और रायरंगपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के साथ-साथ आदिवासी रिसर्च सेंटर की आधारशिला शामिल है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओडिशा से गहरा जुड़ाव रहा है। उनका जन्म एक संथाली परिवार में उपरबेड़ा गांव में हुआ था, और विवाह के बाद वे पहाड़पुर में रहने आई थीं, जिसे उनका ससुराल माना जाता है। यहीं से उन्होंने अपना पारिवारिक जीवन शुरू किया था। राजनीतिक करियर की शुरुआत भी उनके ओडिशा से ही जुड़ी रही, जहां वे रायरंगपुर से विधायक रहीं और 2002 से 2004 तक राज्य सरकार में मंत्री भी बनीं। बाद में वे झारखंड की पहली महिला आदिवासी राज्यपाल बनीं और 2022 में देश की राष्ट्रपति चुनी गईं।

इसी बीच 2022 में उनके राष्ट्रपति बनने पर उनके मायके उपरबेड़ा और ससुराल पहाड़पुर दोनों जगहों पर बड़े पैमाने पर उत्सव मनाया गया था, जो उनके स्थानीय जुड़ाव को दर्शाता है।