फीफा वर्ल्ड कप 2026 के 15वें दिन फुटबॉल फैंस को कई रोमांचक मुकाबले और बड़े उलटफेर देखने को मिले। गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में जहां चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को इक्वाडोर के हाथों हार का सामना करना पड़ा, वहीं जापान और स्वीडन ने ड्रॉ के बावजूद अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके अलावा आइवरी कोस्ट, नीदरलैंड्स और तुर्की ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
दिन के सबसे बड़े मुकाबले में इक्वाडोर ने जर्मनी को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया। दूसरी ओर आइवरी कोस्ट ने क्यूरासाओ को मात देकर पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई। नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को हराकर ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि जापान और स्वीडन का मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमें अगले राउंड में पहुंच गईं। ग्रुप डी में तुर्की ने अमेरिका के खिलाफ आखिरी मिनट में गोल करके रोमांचक जीत हासिल की, वहीं पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा।
इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर किया बड़ा उलटफेर
फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ई के मुकाबले में इक्वाडोर ने शानदार खेल दिखाते हुए जर्मनी को 2-1 से मात दी। यह मुकाबला शुरुआत से ही बेहद तेज रफ्तार रहा और दोनों टीमों ने आक्रमक अंदाज में शुरुआत की। जर्मनी ने मैच के दूसरे ही मिनट में बढ़त बना ली। लेरॉय साने ने फ्लोरियन विर्ट्ज के बेहतरीन पास को गोल में बदलते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। ऐसा लग रहा था कि जर्मनी मुकाबले पर पकड़ बना लेगा, लेकिन इक्वाडोर ने जल्द ही वापसी कर ली।
नौवें मिनट में नीलसन एंगुलो ने लंबी दूरी से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया और स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में कई मौके बने, लेकिन कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में इक्वाडोर ने ज्यादा आक्रामक फुटबॉल खेली। जर्मनी के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने का फायदा उसे 77वें मिनट में मिला। गोंजालो प्लाटा ने शानदार फिनिश के साथ गोल दागकर इक्वाडोर को 2-1 की बढ़त दिला दी।
आखिरी मिनटों में जर्मनी ने बराबरी के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन इक्वाडोर के डिफेंस ने उसे कोई मौका नहीं दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ इक्वाडोर ने पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई।
जापान और स्वीडन ने ड्रॉ के साथ तय किया अगला सफर
ग्रुप एफ में जापान और स्वीडन के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। हालांकि यह ड्रॉ दोनों टीमों के लिए फायदेमंद साबित हुआ और दोनों ने राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली। जापान ने मुकाबले में पहले बढ़त बनाई। डाइजेन माएदा ने शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को आगे कर दिया। उन्होंने रित्सु दोआन के बेहतरीन पास को नियंत्रित करते हुए गोल पूरा किया। लेकिन स्वीडन ने हार नहीं मानी। 62वें मिनट में एंथनी एलंगा ने शानदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। उनका यह टूर्नामेंट में दूसरा गोल था।
इस विश्व कप में जापान का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने ग्रुप स्टेज में लगातार अच्छा खेल दिखाया और एक बार फिर नॉकआउट दौर में पहुंचने में सफलता हासिल की। जापान अब अगले मुकाबले में ब्राजील जैसी मजबूत टीम का सामना करेगा। स्वीडन के लिए भी यह नतीजा काफी अहम रहा क्योंकि ड्रॉ के बाद उसने अगले दौर का टिकट हासिल कर लिया।
आइवरी कोस्ट ने रचा इतिहास
आइवरी कोस्ट ने क्यूरासाओ को 2-0 से हराकर विश्व कप इतिहास में पहली बार नॉकआउट स्टेज में प्रवेश किया। इस जीत के हीरो निकोलस पेपे रहे, जिन्होंने दोनों गोल करके टीम को यादगार जीत दिलाई। मुकाबले के बाद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। टीम के खिलाड़ियों ने फोटो सेशन के दौरान खास अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की।
आइवरी कोस्ट ने टूर्नामेंट की शुरुआत इक्वाडोर को हराकर की थी, हालांकि उसे जर्मनी के खिलाफ हार मिली थी। लेकिन क्यूरासाओ के खिलाफ जीत ने उसे अगले दौर में पहुंचा दिया। अब आइवरी कोस्ट का सामना नॉकआउट चरण में फ्रांस या नॉर्वे जैसी टीम से हो सकता है।
नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को दी शिकस्त
ग्रुप एफ के एकतरफा मुकाबले में नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। मैच की शुरुआत नीदरलैंड्स के पक्ष में रही। तीसरे मिनट में ट्यूनीशिया के कप्तान एलीस स्कीरी से गलती हुई और गेंद अपने ही गोल में चली गई। इससे नीदरलैंड्स को शुरुआती बढ़त मिल गई।
इसके बाद सातवें मिनट में ब्रायन ब्रॉबी ने दूसरा गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया। यह विश्व कप इतिहास में नीदरलैंड्स का शुरुआती सात मिनट में दो गोल करने वाला खास पल रहा। दूसरे हाफ में ट्यूनीशिया ने वापसी की कोशिश की और हेजम मस्तूरी ने गोल करके अंतर कम कर दिया। लेकिन नीदरलैंड्स ने जल्द ही तीसरा गोल कर मुकाबले को अपने नियंत्रण में ले लिया।
जान पॉल वैन हेके ने 62वें मिनट में टीम के लिए तीसरा गोल किया। इसके बाद नीदरलैंड्स ने डिफेंस मजबूत रखते हुए जीत अपने नाम कर ली।
तुर्की ने आखिरी मिनट में अमेरिका को हराया
ग्रुप डी में तुर्की और अमेरिका के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार आक्रमण किया और आखिर तक मुकाबला खुला हुआ नजर आया। अमेरिका ने तीसरे मिनट में ऑस्टन ट्रस्टी के गोल से बढ़त बनाई। लेकिन तुर्की ने जल्द ही जवाब दिया। आर्डा गुलर ने 10वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
31वें मिनट में बारिस अल्पर यिलमाज ने गोल करके तुर्की को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि दूसरे हाफ में अमेरिका ने वापसी की और सेबेस्टियन बरहाल्टर के गोल से मुकाबला 2-2 की बराबरी पर पहुंच गया। जब ऐसा लग रहा था कि मैच ड्रॉ खत्म होगा, तभी इंजरी टाइम में तुर्की ने बाजी पलट दी। 90+8वें मिनट में कान अयहान ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 3-2 की शानदार जीत दिलाई।
पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच गोलरहित मुकाबला
ग्रुप डी के एक अन्य मैच में पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने पूरे मैच में गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। दोनों टीमों के डिफेंस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और विरोधी खिलाड़ियों के हमलों को रोक दिया। आखिरकार मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का 15वां दिन कई यादगार पलों के साथ खत्म हुआ। इक्वाडोर की जर्मनी पर जीत और आइवरी कोस्ट का ऐतिहासिक सफर इस दिन की सबसे बड़ी सुर्खियां रहीं।