Skip to main content

The Scoopp

 

IPL 1026 : RCB vs GT-चिन्नास्वामी में आज हाई-वोल्टेज मुकाबला, पाटीदार और गिल पर नजर

IPL 2026 के 34वें मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले होगा। इस मैच में RCB की कप्तानी रजत पाटीदार संभाल रहे हैं, वहीं गुजरात की अगुवाई शुभमन गिल कर रहे हैं।

अगर पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो बेंगलुरु ने अब तक 6 में से 4 मैच जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया है। दूसरी ओर गुजरात की टीम 3 जीत और 3 हार के साथ छठे नंबर पर बनी हुई है। हेड-टु-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। अब तक खेले गए 6 मैचों में दोनों ने 3-3 बार जीत दर्ज की है, जिससे आज का मैच और भी दिलचस्प बन जाता है।

इस सीजन में बल्लेबाजी के मोर्चे पर रजत पाटीदार शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 22 छक्के जड़कर सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वालों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। उनसे आगे हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं, जिनके नाम 27 छक्के हैं। वहीं विराट कोहली भी जबरदस्त लय में दिख रहे हैं। उन्होंने 6 मुकाबलों में 247 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 157 से ज्यादा है। टीम को तेज शुरुआत देने में उनका अहम योगदान रहा है।

गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट लिए हैं और पावरप्ले से लेकर डेथ ओवर्स तक टीम के लिए अहम साबित हुए हैं। गुजरात टाइटंस की बात करें तो कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 5 मैचों में 265 रन बनाते हुए 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 150 से ऊपर है, जो टीम के लिए मजबूत शुरुआत सुनिश्चित करता है।

बॉलिंग में प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल किया है। उन्होंने 6 मैचों में 12 विकेट झटके हैं, हालांकि उनकी इकॉनमी थोड़ी ज्यादा रही है। पिच रिपोर्ट के अनुसार, चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए मुफीद माना जाता है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है।

यहां टॉस जीतने वाली टीम आमतौर पर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है, क्योंकि दूसरी पारी में ओस के कारण बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि रात में नमी बढ़ने से ओस का असर देखने को मिल सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन:

RCB: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेपर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम, सुयश शर्मा।

GT: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा।