आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली। शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में KKR ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें मजबूत कर लीं। दूसरी ओर दिल्ली की राह अब बेहद मुश्किल नजर आ रही है।
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बनाए। टीम की ओर से पाथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली। केएल राहुल ने 23 रन जोड़े। कोलकाता की गेंदबाजी में अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट हासिल किए। वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।
143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 31 रन पर अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के विकेट गंवा दिए। इसके बाद फिन एलन और कैमरन ग्रीन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। उन्होंने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत भी दिलाई। कैमरन ग्रीन ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए 33 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हुई, जिसने दिल्ली को मुकाबले से बाहर कर दिया।
कोलकाता ने लक्ष्य को केवल 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ KKR ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
दिल्ली कैपिटल्स:
केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, लुंगी एनगिडी, मिचेल स्टार्क, विपराज निगम, कुलदीप यादव। इम्पैक्ट प्लेयर: कुलदीप यादव।
कोलकाता नाइट राइडर्स:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा। इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन।