सिनेमाघरों में प्रदर्शन के बाद अब फिल्मों का ओटीटी पर आना दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बन चुका है। इसी कड़ी में धनुष की नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘कारा’ ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली है। 28 मई को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हुई इस फिल्म ने कुछ ही समय में ट्रेंडिंग लिस्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया।
फिल्म की कहानी 1990 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें कारा नाम का एक शख्स दिखाया गया है, जिसने अपराध की दुनिया छोड़कर मेहनत-मजदूरी के जरिए नई जिंदगी शुरू कर दी है। लेकिन हालात तब बदल जाते हैं जब उसके पिता के निधन के बाद एक भ्रष्ट बैंक अधिकारी धोखाधड़ी से उसकी पुश्तैनी जमीन हड़पने की कोशिश करता है।
अपने परिवार और गांव वालों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए कारा फिर से पुराने रास्ते पर लौटने को मजबूर हो जाता है। वह बेहद सुनियोजित तरीके से कई बैंक डकैतियों को अंजाम देता है और उन पैसों का इस्तेमाल ग्रामीणों के कर्ज चुकाने तथा उनकी जमीन वापस दिलाने में करता है। यही संघर्ष और रोमांच फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है।
विग्नेश राजा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की स्क्रिप्ट उन्होंने अल्फ्रेड प्रकाश के साथ मिलकर तैयार की है। वेल्स फिल्म इंटरनेशनल और थिंक स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म में धनुष के अलावा ममिता बैजू, के.एस. रविकुमार, सूरज वेंजरामुडु, करुणास, जयराम, पृथ्वी राजन और श्रीजा रवि ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
नेटफ्लिक्स पर रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और यही वजह है कि यह प्लेटफॉर्म की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।