Skip to main content

The Scoopp

 

अमृतसर अस्पताल से अगवा नवजात-बच्चा 24 घंटे में बरामद: Police ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार, मां से दोस्ती कर बच्चे को चुराया

अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल से अगवा किए गए नवजात बच्चे को पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला जसप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने मां से दोस्ती कर बच्चे को चुरा लिया था।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को रानी कौर, जो कि तरनतारन जिले के गांव कसेल पट्टी किल्लेवाली की रहने वाली हैं, ने मजीठा रोड थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ था। बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना उस समय हुई जब एक अज्ञात महिला ने चालाकी से नवजात को अस्पताल से अगवा कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई टीमों का गठन किया।

सीसीटीवी और तकनीक से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साधनों की मदद से जांच शुरू की। तेजी से काम करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपी जसप्रीत कौर, जो गुरदासपुर जिले के लधा मुंडा की रहने वाली है, को गिरफ्तार कर लिया।

सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि 4 दिन के मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। इस घटना ने जहां एक ओर पुलिस की मुस्तैदी को दिखाया है, वहीं परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply