The Scoopp

 

RCB vs LSG: बेंगलुरु में आज बड़ा मुकाबला, टॉप पर पहुंचने का सुनहरा मौका

इंडियन प्रीमियर लीग के 23वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। खास बात यह है कि बेंगलुरु की टीम अपने घरेलू मैदान पर अब तक लखनऊ को मात नहीं दे पाई है।

इस सीजन में RCB शानदार लय में नजर आ रही है। टीम ने अब तक 4 में से 3 मुकाबले जीते हैं और फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। आज की जीत उन्हें सीधे नंबर-1 की कुर्सी तक पहुंचा सकती है। दूसरी तरफ लखनऊ सुपरजायंट्स ने 4 में से 2 मैच जीते हैं और टीम अभी संतुलन खोजने की कोशिश में है।

अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक 6 मुकाबलों में RCB ने 4 बार बाजी मारी है, जबकि LSG को 2 जीत मिली हैं। दिलचस्प बात ये है कि लखनऊ की दोनों जीतें बेंगलुरु के इसी मैदान पर आई हैं। RCB के बल्लेबाज इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। कप्तान रजत पाटीदार, विराट कोहली और फिल सॉल्ट लगातार रन बना रहे हैं। पाटीदार 195 रन के साथ टॉप स्कोरर्स की सूची में चौथे नंबर पर हैं और आज 30 रन बनाते ही नंबर-1 बन सकते हैं। गेंदबाजी में जैकब डफी ने 6 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है।

वहीं लखनऊ के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम का कोई भी खिलाड़ी 110 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है। ऐडन मार्करम टीम के टॉप स्कोरर हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन भी औसत रहा है। कप्तान ऋषभ पंत ने जरूर एक अर्धशतक लगाया है, लेकिन बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं। हालांकि गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने टीम को मजबूती दी है।

चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। इस सीजन यहां खेले गए दोनों मुकाबलों में चारों पारियों में 200 से ज्यादा रन बने हैं। ऐसे में आज भी हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

मौसम की बात करें तो आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 22 से 36 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि मैच के दौरान करीब 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। ओस का असर भी देखने को मिल सकता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

संभावित प्लेइंग-11

RCB: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, सुयश शर्मा

LSG: ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, आवेश खान, जॉर्ज लिंडे, मुकुल चौधरी