Skip to main content

The Scoopp

 

SRH vs CSK: हैदराबाद में शाम को हाई-वोल्टेज मुकाबला, दोनों टीमें जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगी

IPL 2026 में शनिवार को डबल हेडर का दूसरा मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इससे पहले दिन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा।

चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। टीम ने अब तक 5 मैचों में 2 जीत दर्ज की है, लेकिन हाल के प्रदर्शन को देखते हुए टीम लगातार तीसरी जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ टीम को स्थिरता देने की कोशिश में हैं।

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन भी लगभग समान रहा है। टीम ने भी 5 में से 2 मुकाबले जीते हैं, लेकिन बेहतर रन रेट के चलते चौथे स्थान पर काबिज है। पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को हराकर टीम ने आत्मविश्वास हासिल किया है।

अगर दोनों टीमों के हेड-टु-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो यहां चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है। दोनों के बीच अब तक 23 मैच हुए हैं, जिसमें 16 बार चेन्नई ने जीत दर्ज की, जबकि हैदराबाद को 7 मुकाबलों में सफलता मिली है। हालांकि हैदराबाद के घरेलू मैदान पर आंकड़े थोड़े संतुलित हैं, जहां 5 में से 3 मैच SRH ने जीते हैं।

चेन्नई के लिए एक बड़ी खबर यह है कि अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। हालांकि वह टीम के साथ मौजूद हैं और जल्द ही वापसी कर सकते हैं।

सनराइजर्स के लिए इस सीजन में हेनरिक क्लासन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 5 मैचों में 200 से ज्यादा रन बनाए हैं और मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी है। गेंदबाजी में हर्ष दुबे ने भी अहम योगदान दिया है। पिछले मैच में डेब्यू करने वाले प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 विकेट झटके थे।

चेन्नई की ओर से बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 मुकाबलों में 185 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। वहीं गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 5 मैचों में 10 विकेट लेकर टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है।

हैदराबाद का राजीव गांधी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। अब तक इस मैदान पर 85 IPL मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को ज्यादा सफलता मिली है। इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर 286/6 है।

मौसम की बात करें तो मैच के दौरान गर्मी रहेगी, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 25 से 39 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

संभावित प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोरा, अनिकेत वर्मा, नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, प्रफुल हिंगे। इम्पैक्ट प्लेयर: लियम लिविंग्सटन।

चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह। इम्पैक्ट प्लेयर: अकील हुसैन।