हिंदू धर्म में ज्येष्ठ महीने के मंगलवारों को बेहद शुभ माना जाता है। इन्हें बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई पूजा से भगवान हनुमान अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं। आज ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा मंगल मनाया जा रहा है, जिसे लेकर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बड़े मंगल के दिन हनुमान जी की आराधना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इस दिन कुछ विशेष उपाय करने का भी विधान बताया गया है, जिन्हें करने से बजरंगबली की कृपा शीघ्र प्राप्त होती है।
बड़े मंगल पर करें ये प्रभावशाली उपाय
सुबह स्नान के बाद पीपल के पेड़ के पास जाकर श्रद्धा से प्रणाम करें। इसके बाद 11 या 21 पीपल के पत्ते लें और उन पर लाल चंदन या सिंदूर से ‘श्रीराम’ लिखें। फिर इन पत्तों की माला बनाकर हनुमान जी को अर्पित करें। माना जाता है कि इससे सभी रुके हुए काम पूरे होने लगते हैं और भक्त की इच्छाएं पूर्ण होती हैं।
इसके अलावा बड़े मंगल के दिन पीपल वृक्ष पर जल अर्पित करना भी शुभ माना गया है। पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और उसमें लौंग व काले तिल डालें। इसके बाद वहीं बैठकर तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से नौकरी और व्यापार में तरक्की मिलती है।
यदि आर्थिक परेशानियां लगातार बनी हुई हैं तो बड़े मंगल के दिन व्रत रखकर हनुमान जी को सिंदूरी चोला चढ़ाएं। साथ ही गुड़ और चने का भोग लगाएं। पान के पत्तों पर सुपारी और लौंग रखकर अर्पित करें तथा श्रद्धा से हनुमान चालीसा का पाठ करें। मान्यता है कि इससे धन संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
(Photo : AI Generated)