अगर आप दिनभर थकान, आलस या लो एनर्जी महसूस करते हैं, तो नई वैज्ञानिक रिसर्च आपके लिए राहत की खबर लेकर आई है। हाल ही में प्रकाशित एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पता चला है कि थोड़ी-सी शारीरिक गतिविधि भी इंसान के मूड और ऊर्जा स्तर को तेजी से बेहतर बना सकती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जब लोग चलते-फिरते हैं या हल्की एक्सरसाइज करते हैं, तो वे खुद को ज्यादा पॉजिटिव और एक्टिव महसूस करने लगते हैं।
यह रिसर्च नेचर ह्यूमैन बिहेवियर जर्नल में प्रकाशित हुई है। अध्ययन में यूरोप, अमेरिका और जर्मनी समेत कई देशों के वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। शोध के दौरान 8 हजार से अधिक लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। स्मार्टफोन और फिटनेस ट्रैकिंग डिवाइस की मदद से यह समझने की कोशिश की गई कि रोजमर्रा की गतिविधियां लोगों की मानसिक और शारीरिक स्थिति पर किस तरह असर डालती हैं।
छोटी-सी एक्टिविटी से भी बढ़ती है एनर्जी
शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग नियमित रूप से हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधियां करते हैं, उनमें ऊर्जा और सकारात्मक भावनाएं अधिक देखने को मिलीं। अध्ययन के मुताबिक, 95 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि एक्टिव रहने के दौरान उन्हें ज्यादा ऊर्जा महसूस हुई। वैज्ञानिकों का कहना है कि सिर्फ कुछ कदम चलना या रोजमर्रा के छोटे काम करना भी मूड को बेहतर बना सकता है।
अच्छा मूड भी बढ़ाता है एक्टिव रहने की चाह
रिसर्च में यह दिलचस्प बात भी सामने आई कि जब लोग पहले से खुश या सकारात्मक महसूस करते हैं, तब वे ज्यादा चलने-फिरने और एक्टिव रहने के लिए प्रेरित होते हैं। यानी शारीरिक गतिविधि और अच्छा मूड दोनों एक-दूसरे को बेहतर बनाने का काम करते हैं।
कम फिटनेस वाले लोगों को मिला सबसे ज्यादा फायदा
अध्ययन में यह भी देखा गया कि जिन लोगों की शुरुआती फिटनेस या स्वास्थ्य स्थिति कमजोर थी, उन्हें शारीरिक गतिविधियों से सबसे अधिक लाभ मिला। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रोजाना की छोटी एक्टिविटीज भी मानसिक स्वास्थ्य और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं।
वैज्ञानिकों ने क्या कहा?
अमेरिका के पेनिंगटन बायोमेडिकल रिसर्च सेंटर की वैज्ञानिक अमांडा स्टायानो के अनुसार, यह अध्ययन दिखाता है कि सामान्य जिंदगी की छोटी-छोटी गतिविधियां भी इंसान के मूड और स्वास्थ्य पर बड़ा असर डाल सकती हैं। उनका कहना है कि स्मार्टफोन और वियरेबल डिवाइस की मदद से अब यह समझना आसान हो गया है कि समय के साथ फिजिकल एक्टिविटी लोगों की मानसिक स्थिति को कैसे प्रभावित करती है।
(Photo : AI Generated)