Skip to main content

The Scoopp

 

वायरल वीडियो विवाद पर AAP का पलटवार: बोले- वीडियो में दिख रहा व्यक्ति CM भगवंत मान नहीं, हमशक्ल कलाकार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने वीडियो को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए दावा किया है कि इसमें नजर आने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि उनके जैसा दिखने वाला एक कलाकार है।

पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कुछ तत्व जानबूझकर पंजाब का माहौल खराब करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने के मकसद से इस वीडियो को फैलाया गया।

चीमा के अनुसार, वीडियो की तकनीकी जांच पंजाब से बाहर स्थित दो स्वतंत्र लैब में कराई गई। उन्होंने दावा किया कि 1191 विभिन्न तकनीकी बिंदुओं पर की गई जांच में यह निष्कर्ष सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति भगवंत मान नहीं है। उनका कहना था कि आधुनिक एडिटिंग तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई।

वित्त मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि पंथ और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ काम करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कथित साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

वहीं, बलतेज पन्नू ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पंजाब की शांति, भाईचारे और सामाजिक एकता को नुकसान पहुंचाने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।