Skip to main content

The Scoopp

 

मैक्सिको ने रचा इतिहास, वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम बनी; रोमो के गोल से मिली जीत

फुटबॉल वर्ल्ड कप में को-होस्ट मैक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम इस टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। शुक्रवार को खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में मैक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से शिकस्त दी।

ग्वाडालाहारा स्टेडियम में हुए इस मुकाबले का फैसला एकमात्र गोल से हुआ। मैक्सिको की ओर से लुइस रोमो ने 50वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जो आखिर तक कायम रही। अब मैक्सिको अपने आखिरी ग्रुप मैच में चेक गणराज्य के खिलाफ उतरेगा, जबकि साउथ कोरिया की टक्कर साउथ अफ्रीका से होगी।

पहली बार वर्ल्ड कप में लगातार तीन जीत

मैक्सिको ने इस जीत के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। टीम ने पहली बार फुटबॉल वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार तीन मुकाबले जीतने का कारनामा किया है। इस संस्करण में यह उसकी लगातार दूसरी जीत है।

8 साल के लंबे इंतजार के बाद मैक्सिको ने वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में वापसी की है। इससे पहले टीम ने 2018 वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ 16 तक सफर तय किया था। वहीं 2022 में मैक्सिको ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी।

डिफेंस के आगे बेअसर रहा पहला हाफ

मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने संभलकर खेल दिखाया। पहले 45 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दोनों तरफ से रक्षात्मक रणनीति अपनाई गई, जिसके कारण गोल के ज्यादा मौके नहीं बन पाए। धीमे खेल को लेकर दर्शकों में नाराजगी भी देखने को मिली।

रोमो की गलती का फायदा उठाकर मैक्सिको को बढ़त

दूसरे हाफ में मैक्सिको ने आक्रामक रुख अपनाया और जल्द ही बढ़त हासिल कर ली। लुइस रोमो ने साउथ कोरिया के गोलकीपर किम स्युंग-ग्यू और डिफेंडर ली गिह्युक के बीच तालमेल की कमी का फायदा उठाया और आसान गोल करते हुए टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

राउल रेंगल ने बचाई टीम की जीत

मैच के आखिरी पलों में साउथ कोरिया ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए। टीम के पास गोल करने के कुछ अच्छे मौके भी आए, लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल दीवार बनकर खड़े रहे। उन्होंने अंतिम मिनटों में दो बेहतरीन सेव कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

मैक्सिको का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड

मैक्सिको का वर्ल्ड कप में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना रहा है। टीम 1970 और 1986 के टूर्नामेंट में टॉप-8 तक पहुंची थी। अब टीम की नजर इस बार आगे तक जाने पर होगी।