The Scoopp

 

शरीर में दिखने लगते हैं ये बड़े बदलाव, जानिए कैफीन छोड़ने का असर

भारत में ज्यादातर लोगों की सुबह चाय या कॉफी के बिना अधूरी मानी जाती है। दिनभर एक्टिव रहने के लिए लोग कई बार इन पेयों का सहारा लेते हैं, लेकिन जब इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है तो शरीर पर इसका असर दिखने लगता है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति अचानक चाय-कॉफी पीना बंद कर दे, तो शरीर में कई तरह के बदलाव शुरू हो जाते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक सीमित मात्रा में चाय या कॉफी नुकसानदायक नहीं होती, लेकिन ज्यादा कैफीन शरीर के नर्वस सिस्टम और नींद पर असर डाल सकती है। यही वजह है कि इसे छोड़ने के शुरुआती दिनों में कुछ दिक्कतें होती हैं, लेकिन बाद में शरीर खुद को नई स्थिति के अनुसार ढाल लेता है।

शुरुआती 2 दिनों में क्या होता है?

कैफीन छोड़ने के 24 से 48 घंटे के भीतर शरीर इसकी कमी महसूस करने लगता है।

  • तेज सिरदर्द की समस्या हो सकती है क्योंकि कैफीन बंद होने पर दिमाग की रक्त वाहिकाएं फैलने लगती हैं।
  • सुस्ती, थकान और काम में मन न लगने जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है।
  • कई लोगों को चिड़चिड़ापन और फोकस करने में परेशानी भी होती है।

10 दिन बाद शरीर में दिखते हैं सकारात्मक बदलाव

1. नींद पहले से बेहतर होने लगती है

कैफीन शरीर की नेचुरल स्लीप साइकिल को प्रभावित करती है। करीब 10 दिन बाद लोग गहरी नींद और सुबह ज्यादा फ्रेश महसूस करने लगते हैं।

2. पेट से जुड़ी परेशानियां कम हो सकती हैं

चाय-कॉफी ज्यादा पीने से एसिडिटी, गैस और सीने में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसे बंद करने के बाद पाचन तंत्र धीरे-धीरे बेहतर काम करने लगता है।

3. तनाव और बेचैनी में राहत

कैफीन शरीर में स्ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर बढ़ा सकती है। इसके सेवन में कमी आने से मानसिक शांति और रिलैक्स महसूस हो सकता है।

4. शरीर में नेचुरल एनर्जी बढ़ती है

शुरुआत में कमजोरी महसूस होती है, लेकिन कुछ दिनों बाद शरीर बिना कैफीन के भी सामान्य ऊर्जा बनाए रखना सीख जाता है।

5. ब्लड शुगर और बीपी पर असर

अक्सर चाय और कॉफी में ज्यादा चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें छोड़ने से ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।