Skip to main content

The Scoopp

 

हर्षित राणा की टीम इंडिया में एंट्री, अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में उतरने का मौका

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले से ठीक पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा को तीसरे वनडे के लिए स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया है। BCCI ने जानकारी दी कि राणा ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा कर लिया है और फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद वह चेन्नई में टीम के साथ जुड़ गए हैं।

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। टीम इंडिया पहले ही 3 मैचों की सीरीज पर कब्जा जमा चुकी है और 2-0 की बढ़त बना रखी है। भारत ने पहला वनडे 7 विकेट से जबकि दूसरा मुकाबला 170 रनों के बड़े अंतर से जीता था।

चोट से वापसी के बाद टीम में लौटे राणा

हर्षित राणा पिछले कई हफ्तों से BCCI की मेडिकल टीम की निगरानी में थे। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्होंने अपनी फिटनेस पर काम किया और जरूरी टेस्ट पास करने के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।

उनकी वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलेगी। इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज टीम का हिस्सा नहीं हैं। अभी तक अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने पेस अटैक संभाला है। अब कप्तान शुभमन गिल के पास चेन्नई की पिच और हालात के हिसाब से तीन तेज गेंदबाज खिलाने का विकल्प मौजूद रहेगा।

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले लगी थी चोट

हर्षित राणा को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में चोट लगी थी। चोट की वजह से उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी, जिसके चलते वह टूर्नामेंट के साथ-साथ IPL से भी बाहर हो गए थे।

अब फिट होकर वापसी करने वाले राणा के पास तीसरे वनडे में अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका होगा।

तीसरे वनडे के लिए भारत की संभावित टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और हर्षित राणा।