The Scoopp

 

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टैक्सीवे पर आमने-सामने आए एअर इंडिया और इंडिगो के विमान

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक गंभीर घटना टल गई। एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमान टैक्सीवे पर एक-दूसरे के सामने आ गए थे। समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट अहमदाबाद से मुंबई के लिए टेकऑफ की तैयारी में थी और टैक्सीवे पर आगे बढ़ रही थी। उसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट पार्किंग एरिया की तरफ जाते समय गलती से गलत दिशा में चली गई और उसी रास्ते पर पहुंच गई जहां इंडिगो का विमान मौजूद था।

दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी बची थी। स्थिति को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और दोनों विमानों को सुरक्षित रोक दिया गया। इसके बाद एअर इंडिया के विमान को टो करके सही पार्किंग बे में पहुंचाया गया, जिसके बाद इंडिगो की फ्लाइट ने अपनी यात्रा पूरी की।

एअर इंडिया ने बताई घटना की वजह

एअर इंडिया ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग की प्रक्रिया के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने कहा कि इस दौरान यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रही।

एयरलाइन के अनुसार, विमान को बाद में खींचकर निर्धारित पार्किंग स्थान पर पहुंचाया गया। घटना की सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को दे दी गई है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इंडिगो ने कहा- विमान हटने के बाद भरी उड़ान

इंडिगो के मुताबिक, उसकी फ्लाइट 6E-5160 अहमदाबाद से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान दूसरी एयरलाइन का विमान टैक्सीवे पर गलत दिशा से आ गया। दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया।

इंडिगो ने बताया कि एअर इंडिया विमान को हटाए जाने के बाद उसकी फ्लाइट को आगे बढ़ने की अनुमति मिली और विमान सुरक्षित तरीके से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच गया।

दोनों विमान एयरबस A320 सीरीज के नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट थे। इस श्रेणी के विमानों में आमतौर पर करीब 150 से 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। हालांकि घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री मौजूद थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

(Photo : AI Generated)