The Scoopp

 

CM विजय के शपथ समारोह में भावुक दिखीं तृषा, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चाएं

तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब सी जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में हुए इस भव्य कार्यक्रम में कई फिल्मी और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींच लिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समारोह के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में विजय का संबोधन सुनते वक्त तृषा की आंखें नम दिखाई दीं। वह मुस्कुराने की कोशिश करती नजर आईं, लेकिन उनकी भावुकता कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद फैंस के बीच दोनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

कार्यक्रम में तृषा नीले रंग की साड़ी में पहुंचीं। उनके साथ उनकी मां उमा कृष्णन भी मौजूद थीं। मीडिया से बातचीत में तृषा ने सिर्फ इतना कहा कि यह तमिलनाडु के लिए बेहद खास दिन है और वह इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। इसके बाद उन्होंने किसी और सवाल का जवाब नहीं दिया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले भाषण में विजय ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु अब एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष सोच को प्राथमिकता दी जाएगी। विजय के भाषण के कई क्लिप्स सोशल मीडिया पर लगातार शेयर किए जा रहे हैं।

फिल्मी दुनिया में विजय और तृषा की जोड़ी काफी लोकप्रिय रही है। दोनों ने ‘घिल्ली’, ‘तिरुपाची’, ‘आथी’ और ‘कुरुवी’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। लंबे समय बाद दोनों फिल्म ‘लियो’ में दोबारा साथ नजर आए थे, जहां उन्होंने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा ‘द गोट’ में भी तृषा की खास मौजूदगी देखने को मिली थी।

इधर पिछले कुछ महीनों से विजय और तृषा के रिश्ते को लेकर अफवाहें भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि विजय की पत्नी संगीता ने तलाक की अर्जी दी है और एक अभिनेत्री के साथ उनके करीबी रिश्तों को वजह बताया है। हालांकि, इन खबरों पर न तो विजय और न ही तृषा ने कभी कोई आधिकारिक बयान दिया है।