The Scoopp

 

पीएम मोदी की अपील के बाद ज्वेलरी शेयरों में बड़ी गिरावट, शादी सीजन में बाजार हुआ कमजोर

शादी-ब्याह के मौसम के बीच ज्वेलरी सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को तेज गिरावट देखने को मिली। बाजार खुलते ही कई बड़ी ज्वेलरी कंपनियों के शेयर लुढ़क गए। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील का असर सीधे बाजार पर पड़ा है।

दरअसल, पीएम मोदी ने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचने की बात कही है। भारत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड उपभोक्ताओं में शामिल है और देश की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा होता है। ऐसे में इस बयान के बाद निवेशकों ने ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली शुरू कर दी।

सबसे ज्यादा दबाव सेनको गोल्ड के शेयरों पर दिखा। कंपनी का शेयर करीब 10 फीसदी टूटकर 325 रुपये के आसपास पहुंच गया। वहीं कल्याण जूलर्स के शेयरों में भी 9 फीसदी से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। टाटा ग्रुप की ज्वेलरी कंपनी टाइटन भी इस गिरावट से नहीं बच सकी और उसके शेयर करीब 8 फीसदी नीचे आ गए।

विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार फिलहाल गोल्ड इम्पोर्ट कम करने पर फोकस कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अप्रैल महीने में देश का सोना आयात घटकर करीब 15 टन रहने का अनुमान है, जो कई सालों में सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि 3 फीसदी इंटीग्रेटेड GST लागू होने के बाद कई बैंकों ने गोल्ड इम्पोर्ट धीमा कर दिया है।

भारत ने पिछले वित्त वर्ष में हर महीने औसतन करीब 60 टन सोने का आयात किया था, जिसकी कीमत लगभग 6 अरब डॉलर प्रति माह रही। यही वजह है कि सरकार विदेशी मुद्रा पर बढ़ते दबाव को कम करना चाहती है।

हालांकि शेयरों में गिरावट के बीच टाइटन के तिमाही नतीजे काफी मजबूत रहे। कंपनी का मार्च तिमाही का मुनाफा सालाना आधार पर 35 फीसदी बढ़कर 1,179 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी दौरान कंपनी की आय भी 46 फीसदी बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये के पार चली गई। EBIT में भी करीब 28 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

(Photo : AI Generated)