अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के परिवार की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने एक इराकी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिस पर ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े कट्टरपंथी नेटवर्क के संपर्क में था और लंबे समय से इवांका ट्रम्प को निशाना बनाने की योजना तैयार कर रहा था।
FBI की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास इवांका ट्रम्प और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित आलीशान घर का ब्लूप्रिंट मिला था। इस घर की कीमत करीब 24 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उस इलाके का नक्शा भी शेयर किया था, जहां यह घर मौजूद है।
जांच एजेंसियों को आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट से कई धमकी भरे पोस्ट मिले हैं। एक पोस्ट में उसने लिखा था कि अमेरिकी लोग यह सोचकर सुरक्षित महसूस न करें कि सीक्रेट सर्विस और भारी सुरक्षा उन्हें बचा लेगी। उसने दावा किया था कि वह सही समय का इंतजार कर रहा है और बदला जरूर लिया जाएगा।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। FBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था।