The Scoopp

 

IPL 2026: लगातार हार के बाद लखनऊ की दमदार वापसी, RCB को 9 रन से दी शिकस्त

IPL में लंबे समय से जीत का इंतजार कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरकार हार का सिलसिला खत्म कर दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में लखनऊ ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से मात दी। मैच 19-19 ओवर का कराया गया था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 3 विकेट खोकर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। बारिश के नियमों के चलते बेंगलुरु को संशोधित लक्ष्य 213 रन मिला, लेकिन टीम 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी।

लखनऊ की जीत के सबसे बड़े हीरो मिचेल मार्श रहे। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 111 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। निकोलस पूरन ने 38 रन जोड़े, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने आखिर में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। RCB की तरफ से हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट लिया।

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही विराट कोहली और जैकब बेथेल के विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने देवदत्त पडिक्कल के साथ शानदार साझेदारी कर मुकाबले में जान डाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े।

पाटीदार ने अर्धशतक लगाया, जबकि पडिक्कल ने 34 रन बनाए। आखिरी ओवरों में टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या और रोमारियो शेफर्ड ने तेज रन जरूर बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

लखनऊ की गेंदबाजी में प्रिंस यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 अहम विकेट लिए और विराट कोहली को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके अलावा जितेश शर्मा और देवदत्त पडिक्कल का विकेट भी उनके नाम रहा। शहबाज अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी को 1 सफलता मिली।