तेज धूप, चिपचिपी गर्मी और लगातार आने वाला पसीना गर्मियों में सबसे बड़ी परेशानी बन जाता है। ऐसे मौसम में सिर्फ फैशन पर ध्यान देना काफी नहीं होता, बल्कि ऐसे कपड़े चुनना भी जरूरी है जो शरीर को ठंडक और आराम दें। गलत फै्रब्रिक पहनने से स्किन पर खुजली, रैशेज और जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए समर सीजन में हल्के, सांस लेने वाले और स्किन फ्रेंडली कपड़ों का चुनाव करना बेहद जरूरी माना जाता है।
कॉटन फैब्रिक
गर्मियों के कपड़ों की बात हो और कॉटन का जिक्र ना आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। सूती कपड़ा पसीने को तेजी से सोखता है और शरीर को लंबे समय तक ठंडा बनाए रखने में मदद करता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हवा आसानी से पास होती रहती है, जिससे घुटन महसूस नहीं होती। ऑफिस वियर से लेकर डेली कैजुअल आउटफिट तक, कॉटन हर जगह फिट बैठता है।
लिनन देता है प्रीमियम और कूल लुक
लिनन फैब्रिक गर्मियों के लिए सबसे शानदार विकल्पों में गिना जाता है। यह फ्लैक्स प्लांट से तैयार किया जाता है और काफी हल्का होता है। इसकी ढीली बनावट शरीर में हवा का बेहतर सर्कुलेशन बनाए रखती है। लिनन में जल्दी सिलवटें पड़ती हैं, लेकिन यही इसकी नैचुरल स्टाइलिंग मानी जाती है। गर्मियों में यह क्लासी और आरामदायक दोनों एहसास देता है।
रेयॉन फैशनेबल और हल्का विकल्प
जो लोग सिल्की फिनिश पसंद करते हैं लेकिन गर्मी में भारी कपड़ों से बचना चाहते हैं, उनके लिए रेयॉन अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यह बेहद सॉफ्ट और हल्का फैब्रिक होता है, जो शरीर से चिपकता नहीं। इसकी फॉलिंग काफी आकर्षक होती है, इसलिए ड्रेसेस और वेस्टर्न आउटफिट्स में इसका इस्तेमाल ज्यादा होता है। यह गर्मी को कम महसूस कराने में मदद करता है।
शिफॉन और जॉर्जेट भी हैं परफेक्ट
गर्मियों की पार्टी या इवनिंग फंक्शन के लिए भारी कपड़ों की जगह शिफॉन और जॉर्जेट बेहतर माने जाते हैं। ये वजन में काफी हल्के होते हैं और पहनने में ज्यादा भारीपन महसूस नहीं होता। इन फैब्रिक्स में एयर फ्लो बना रहता है, जिससे उमस कम लगती है और स्टाइल भी बना रहता है।
गर्मियों में कपड़े चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
- हमेशा हल्के रंग जैसे व्हाइट, बेबी पिंक, स्काई ब्लू और पेस्टल शेड्स पहनें, क्योंकि ये धूप को कम सोखते हैं।
- बहुत ज्यादा टाइट कपड़ों से बचें, ढीले कपड़े शरीर को ज्यादा आराम देते हैं।
- पॉलिएस्टर और नायलॉन जैसे फैब्रिक्स गर्मियों में परेशानी बढ़ा सकते हैं, क्योंकि ये पसीने को बाहर नहीं निकलने देते।
(Photo : AI Generated)